द पब्लिकेट, इंदौर। शहर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध हथियार रखने वाले अपराधियों के खिलाफ इंदौर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सराफा, एमजी रोड और पंढरीनाथ थाना क्षेत्रों में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा, चरस, ब्राउन शुगर, अवैध चाकू, बिना नंबर के वाहन, मोटरसाइकिल और गांजा पीने की चिलम बरामद की है।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर शहर में लगातार बढ़ रही अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से विभिन्न पुलिस टीमों को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में मुखबिर तंत्र और खुफिया सूचनाओं के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी गई।
कार्रवाई के दौरान सराफा, एमजी रोड और पंढरीनाथ थाना क्षेत्र से कुल 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से अलग-अलग मामलों में गांजा, चरस, 5 टोकन ब्राउन शुगर, अवैध धारदार चाकू, बिना नंबर की बुलेट, अन्य मोटरसाइकिलें तथा गांजा पीने की चिलम जब्त की गई।
गिरफ्तार आरोपियों में तनवीर, रियाज, साहिल खान, अमीन, हारून, मुस्तकीम मोहम्मद, मोहम्मद तोहिद, मोहम्मद नदीम, मोईन, अफजलशाह, जाबिर, आदिल खान, मन्नन खान, आवेश और मोहिन कुरैशी शामिल हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध संबंधित थानों में एनडीपीएस एक्ट एवं अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों तक मादक पदार्थ और अवैध हथियार कहां से पहुंचे तथा इनके पीछे सक्रिय नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
इंदौर पुलिस का कहना है कि शहर में नशे के कारोबार और अवैध गतिविधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। अपराधियों के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए लगातार कार्रवाई की जाएगी।

