द पब्लिकेट, पुणे। महाराष्ट्र के पुणे शहर में पुलिस और खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) की संयुक्त कार्रवाई में नकली टाटा नमक का बड़ा खेल सामने आया है। फुर्सुंगी इलाके में स्थित एक गोदाम पर छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में कथित तौर पर नकली टाटा नमक का स्टॉक बरामद किया गया।

जानकारी के अनुसार, मार्केट यार्ड के व्यापारी धवल जैन के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि वह फुर्सुंगी-हडपसर रोड स्थित अपने गोदाम में नकली नमक को असली टाटा नमक के पैकेटों में पैक कर बाजार में बेचने की तैयारी कर रहा था।

छापेमारी के दौरान पुलिस और FDA की टीम ने बड़ी मात्रा में पैक किया हुआ कथित नकली नमक और पैकेजिंग सामग्री जब्त की। प्रारंभिक जांच में ब्रांड की नकल कर उपभोक्ताओं को धोखा देने की आशंका जताई गई है।

अधिकारियों का कहना है कि जब्त किए गए नमूनों की जांच कराई जाएगी और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि यह नकली नमक किन-किन बाजारों में सप्लाई किया जा रहा था और इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।

इस कार्रवाई के बाद खाद्य पदार्थों में मिलावट और नकली ब्रांडेड उत्पादों के कारोबार पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही खाद्य उत्पाद खरीदें और पैकेजिंग की अच्छी तरह जांच करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *