द पब्लिकेट, इंदौर। शहर में कारोबारियों को धमकाकर रंगदारी वसूलने और फायरिंग के जरिए दहशत फैलाने वाले गैंगस्टर नेटवर्क की जांच में एक के बाद एक नए खुलासे हो रहे हैं। कारोबारी मनीष गोधा के ऑफिस पर हुई फायरिंग के मामले में अब लॉरेंस गैंग के हैंडलर हैरी बॉक्सर और राहुल राठौर उर्फ राहुल बाबा का कनेक्शन सामने आया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि फायरिंग की घटना से पहले राहुल बाबा ने मनीष गोधा के घर, ऑफिस और मंदिर तक की रेकी की थी। इतना ही नहीं, रेकी के फोटो, वीडियो और लोकेशन भी हैरी बॉक्सर तक पहुंचाए गए थे।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, देवास के बिजना निवासी राहुल राठौर उर्फ राहुल बाबा को करीब दस महीने पहले लॉरेंस गैंग के हैंडलर हैरी बॉक्सर की ओर से मनीष गोधा को धमकाने की बात कही गई थी। इसके बाद राहुल ने गोधा के घर, ऑफिस और मंदिर की रेकी कर जानकारी जुटाई। बताया जा रहा है कि राहुल ने इन जगहों के फोटो-वीडियो और लोकेशन हैरी बॉक्सर तक पहुंचाई थी। गुरुवार रात स्कूटर सवार बदमाशों ने गांधी नगर क्षेत्र में स्थित गोधा एस्टेट के ऑफिस पर गोलियां चलाकर फरार हो गए थे।
40 हजार रुपये में हुई थी रेकी की डील
जांच में एक और महत्वपूर्ण कड़ी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, राहुल की मुलाकात राजपाल चंद्रावत से नागदा में एक रैली के दौरान हुई थी। इसके बाद राजपाल ने उसे लॉरेंस गैंग के लिए काम करने का प्रस्ताव दिया। राहुल को कारोबारी विवेक दमानी की रेकी करने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई थी। इसके लिए उसे 40 हजार रुपये दिए गए थे। राहुल को यह जिम्मेदारी नागदा के राजपाल चंद्रावत ने दी थी। पुलिस को शक है कि इस पूरे नेटवर्क में अलग-अलग लोगों को रेकी, धमकी और हमले की जिम्मेदारियां बांटी गई थीं।
कारोबारियों को धमकाकर वसूली का खेल
पुलिस जांच में लॉरेंस गैंग के नाम पर कारोबारियों को धमकाने और करोड़ों रुपये की रंगदारी मांगने के मामले भी सामने आए हैं। कुकुरगांव के संजय जैन, निपानिया के रंजन मित्तल, एरोड्रम क्षेत्र के चेतन पंवार और रेसकोर्स रोड के विवेक दमानी सहित कई कारोबारियों को धमकियां मिलने की जानकारी सामने आई है। विवेक दमानी को धमकी देकर 10 करोड़ रुपये मांगने का मामला भी जांच के दायरे में है। बताया गया कि उन्हें करीब 70 वॉइस मैसेज भेजकर घर, परिवार और गाड़ियों के नंबर तक बताकर डराया गया था।
करणी सेना से जुड़े विवाद की भी जांच
इस पूरे मामले में पुलिस करणी सेना से जुड़े कुछ लोगों के विवाद और कथित कनेक्शन की भी पड़ताल कर रही है। पुलिस बिल्डर और कॉलेज संचालकों को धमकाने तथा उनकी रेकी के मामलों में गिरफ्तार कुछ आरोपियों के कथित तौर पर करणी सेना से जुड़े होने की जानकारी खंगाल रही है। इसके अलावा लसूड़िया क्षेत्र के ट्रांसपोर्टर संजय भूरिया को भी रोहित गोदारा गैंग के नाम से धमकी मिलने का मामला सामने आया है।
पांच करोड़ लेने पहुंचा था राहुल बाबा!
जांच में यह भी सामने आया है कि राहुल बाबा पांच करोड़ रुपये लेने के इरादे से गया था, लेकिन करीब 40 मिनट इंतजार करने के बाद वहां से लौट गया। इसके बाद वह देवास की ओर चला गया। पुलिस इस पूरे घटनाक्रम के साथ राहुल की गतिविधियों, उसके संपर्कों और फायरिंग की साजिश में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।
फिलहाल मनीष गोधा के ऑफिस पर हुई फायरिंग के दो दिन बाद भी एसआईटी को कोई पुख्ता सुराग नहीं मिला है। पुलिस राहुल बाबा और हैरी बॉक्सर के बीच संपर्क, रेकी के नेटवर्क तथा रंगदारी के लिए कारोबारियों को निशाना बनाने वाले पूरे गिरोह की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि इंदौर में लॉरेंस और अन्य गैंग के नाम पर दहशत फैलाने वाले इस नेटवर्क के पीछे असली मास्टरमाइंड कौन है और इस पूरे खेल में कितने लोग शामिल हैं।

