द पब्लिकेट, इंदौर। गाय चोरी की शंका में बदमाश सूरज जाट और उसके साथियों ने एक शख्स को बेरहमी से इतना पीटा कि घायल ने अस्पताल में देर रात दम तोड़ दिया। लसूड़िया थाने में मृतक चन्देर के खिलाफ भुरु नाम के व्यक्ति ने दोपहर को रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।
जानकारी के अनुसार लसूड़िया इलाके के निरंजनपुर बस्ती में कल दोपहर करीब 12 बजे गाय चोरी की शंका में बदमाश सूरज जाट, रोहित, कुणाल सहित अन्य बदमाश मृतक चन्दर पिता बाबूलाल लोहार 35 के घर पहुंचे थे। बदमाश उसे जबरदस्ती घर से ले गए और मृतक के परिजनों को बोला की बात करने ले जा रहे है। बदमाश उसे निपानिया इलाके की वाइन शॉप के पास लेकर गए और उसके साथ जमकर मारपीट की। बाद में दूसरी जगह ले जाकर भी जमकर पीटा। जब लगा कि अब मामला बिगड़ गया है तो भुरु नाम के व्यक्ति ने मृतक के खिलाफ चोरी की शिकायत लसूड़िया थाने में दर्ज करवा दी और मृतक चन्दर को छोड़कर भाग निकले। चन्दर के परिजन उसे घायल अवस्था में अस्पताल लेकर पहुंचे जहां इलाज के दौरान वह रात में वेंटीलेटर पर था लेकिन गंभीर चोटें आने के कारण देर रात करीब 12:30 बजे उसने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है बदमाश सूरज जाट और उसके साथियों ने मारपीट करने के बाद संगठन के व्यक्ति को मृतक की रिपोर्ट दर्ज करवाने के लिए पहुंचाया था। ताकि किसी को भी उसपर शक न हो लेकिन मामला उलझ गया।
आपको बता दें कि जाट गैंग में शामिल बदमाशों को सूरज जाट मैनेज करता है। सभी गुर्गे सूरज के इशारे पर इलाके में बदमाशी को अंजाम देते है। बदमाश सूरज जाट और भाई लखन जाट दोनों शातिर बदमाश है। इनपर गंभीर आपराधिक मामले दर्ज है। फिलहाल राजनीतिक संरक्षण के चलते बदमाश सूरज लखन और साथी गुर्गे प्रॉपर्टी के मामले सहित अन्य अवैध मामलों में लिप्त है।

