द पब्लिकेट, दतिया। मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस ने लगातार दूसरी बार भारतीय जनता पार्टी को मात देकर बड़ा राजनीतिक संदेश दिया है। कांग्रेस प्रत्याशी कुंवर घनश्याम सिंह ने भाजपा उम्मीदवार आशुतोष तिवारी को 6016 वोटों से हराया। घनश्याम सिंह को 66,757 जबकि आशुतोष तिवारी को 60,741 वोट मिले।

यह उपचुनाव पूर्व विधायक राजेंद्र भारती को एक फ्रॉड मामले में दो वर्ष की सजा मिलने के बाद सीट रिक्त होने पर कराया गया था।

नरोत्तम मिश्रा के बूथ पर भी भाजपा पीछे

चुनाव परिणाम का सबसे चर्चित पहलू यह रहा कि प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के पोलिंग बूथ क्रमांक 121 पर भी भाजपा को हार का सामना करना पड़ा। इस बूथ पर कांग्रेस को 291 और भाजपा को 264 वोट मिले। वहीं आजाद समाज पार्टी के उम्मीदवार दामोदर यादव मंडल को पूरे चुनाव में 22,527 वोट प्राप्त हुए।

जीत के बाद कांग्रेस का हमला

जीत के बाद कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने कहा कि “भाजपा के अंत की शुरुआत हो चुकी है।” वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने वीडियो कॉल के माध्यम से दतिया के कार्यकर्ताओं को बधाई दी। कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने कहा कि दतिया का जनादेश सरकार की नीतियों के खिलाफ जनता का स्पष्ट संदेश है।

हार के बाद भाजपा में भीतरघात की चर्चा

मतगणना केंद्र पर भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने हार के बाद कहा कि जो लोग भाजपा को मां कहते हैं और फिर भीतरघात करते हैं, उन्हें आत्ममंथन करना चाहिए। चुनाव परिणाम के बाद भोपाल स्थित पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के बंगले पर ताला लगा होने की भी चर्चा रही।

उधर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि दतिया पहले भी कांग्रेस की सीट थी और इस बार भी कांग्रेस के पास ही रही। उन्होंने दावा किया कि पिछले विधानसभा चुनाव की तुलना में भाजपा के वोट करीब 1700 बढ़े हैं। पार्टी जल्द समीक्षा बैठक कर भीतरघात के आरोपों की जांच कर सकती है।

पहले भाजपा आगे, फिर कांग्रेस ने पलटा मुकाबला

मतगणना के शुरुआती राउंड में भाजपा बढ़त बनाए हुए थी, लेकिन दूसरे राउंड से कांग्रेस लगातार आगे निकलती गई। 13वें और 14वें राउंड में भाजपा ने बढ़त हासिल कर अंतर कुछ कम जरूर किया, लेकिन कांग्रेस की कुल बढ़त बरकरार रही।

13वें राउंड में भाजपा को 4809 और कांग्रेस को 3260 वोट मिले, जिससे भाजपा ने इस राउंड में 1549 वोट की बढ़त बनाई। इसके बावजूद कांग्रेस अंत तक निर्णायक बढ़त बनाए रखने में सफल रही। दतिया कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े ने विजयी प्रत्याशी घनश्याम सिंह को जीत का प्रमाण पत्र सौंपा।

प्रदेशभर में कांग्रेस का जश्न

दतिया की जीत के बाद राजगढ़, गुना, शिवपुरी, नर्मदापुरम, मंदसौर, मैहर और खंडवा सहित कई जिलों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की, मिठाइयां बांटी और विजय जुलूस निकाले। कई स्थानों पर “दतिया तो झांकी है, मध्य प्रदेश अभी बाकी है” के नारे गूंजे। खंडवा में भाजपा के 20 से 25 कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की सदस्यता भी ग्रहण की।

सपा ने बताया गठबंधन की जीत

समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनोज यादव ने इसे कांग्रेस-सपा गठबंधन की जीत बताया। उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों के कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम जनता ने दिया है। जीत के बाद कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के नेताओं ने एक-दूसरे को मेलोडी टॉफी खिलाकर बधाई दी।

लोकतंत्र की मिसाल

मतगणना समाप्त होने के बाद दतिया के काउंटिंग सेंटर के बाहर कांग्रेस और भाजपा के कई कार्यकर्ता एक-दूसरे से गले मिले और लोकतांत्रिक परंपरा का सम्मान करते हुए सौहार्द का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *