द पब्लिकेट, इंदौर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर इंदौर ने योग के क्षेत्र में नया इतिहास रचते हुए एशिया वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। नगर निगम के योग मित्र अभियान के तहत गौपुर चौराहे पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में 10 हजार योग साधकों ने 3 मिनट 19 सेकंड तक एक साथ भ्रामरी प्राणायाम कर विश्व कीर्तिमान स्थापित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने की।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 6 बजे हुई। योग प्रशिक्षक चेतना जोशी तिवारी ने साधकों को विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया, जबकि म्यूजिकल योग प्रस्तुतियों ने आयोजन को आकर्षक बनाया। इस दौरान योग मित्र अभियान की अधिकृत वेबसाइट का भी शुभारंभ किया गया।

योग एवं समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रेम गोयल, राम गोपाल व्यास और सपना पाल को ‘योग अलंकरण सम्मान’ से सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके ने कहा कि योग भारत की प्राचीन ऋषि परंपरा की अमूल्य धरोहर है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से आज 151 से अधिक देशों में योग का विस्तार हुआ है। उन्होंने कहा कि योग व्यक्ति के सर्वांगीण विकास के साथ राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन, बुद्धि और आत्मा का समन्वय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने योग को वैश्विक पहचान दिलाई, जिसके कारण आज पूरी दुनिया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साह के साथ मना रही है।

महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि इंदौर के 85 वार्डों में 140 से अधिक स्थानों पर प्रतिदिन 10 हजार से ज्यादा लोग योग करते हैं। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर बना यह विश्व कीर्तिमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को समर्पित है और यह इंदौर की जनभागीदारी, प्रेम और सौहार्द का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास जताया कि योग की इसी भावना के साथ इंदौर हर क्षेत्र में नंबर-वन बना रहेगा।

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके, कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, सांसद शंकर लालवानी, विधायक मधु वर्मा, पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता, भाजपा के वरिष्ठ नेता शैलेंद्र बरुआ, कृष्णमुरारी मोघे, क्रिकेटर नमन ओझा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और हजारों योग साधक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *