द पब्लिकेट, इंदौर। सेंट्रल जेल शनिवार शाम उस समय अचानक तनाव का केंद्र बन गई, जब जेल में बंद पूर्व पार्षद अनवर कादरी और कुख्यात भू-माफिया हेमंत यादव आमने-सामने आ गए। दोनों के बीच शुरू हुई तीखी बहस कुछ ही देर में धक्का-मुक्की तक पहुंच गई। स्थिति बिगड़ती देख जेल प्रहरियों ने तत्काल हस्तक्षेप किया और दोनों को अलग-अलग बैरकों में भेजकर मामला शांत कराया।

जेल सूत्रों के मुताबिक विवाद किसी पुराने विवाद और आपसी रंजिश को लेकर शुरू हुआ था। दोनों बंदियों के समर्थकों के बीच भी हलचल देखी गई, जिसके बाद जेल प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी। हालांकि अधिकारियों ने पूरे मामले पर आधिकारिक बयान देने से फिलहाल परहेज किया है।

डॉक्टर पर हमले की साजिश में बंद है हेमंत यादव

हेमंत यादव का नाम विजयनगर इलाके में एक डॉक्टर पर हमले की साजिश रचने के मामले में सामने आया था। दिसंबर 2025 में डॉ. शिवकुमार यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि बदमाशों ने उनकी कार रोककर हमला किया और वाहन में तोड़फोड़ की। जांच के दौरान पुलिस को ऐसे साक्ष्य मिले, जिनसे दावा किया गया कि हमले की पूरी योजना जेल के भीतर से बनाई गई थी।

पुलिस के अनुसार हेमंत यादव ने जेल में बंद कुछ आरोपियों के साथ मिलकर इस हमले की साजिश तैयार की थी। जांच में यह भी सामने आया कि डॉक्टर और हेमंत के बीच पुराने विवाद को लेकर तनाव था। हेमंत यादव पर दो दर्जन से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज बताए जाते हैं और वह लंबे समय तक फरार भी रह चुका है।

‘लव जिहाद’ फंडिंग केस में जेल में है अनवर कादरी

दूसरी ओर पूर्व पार्षद अनवर कादरी ‘लव जिहाद’ फंडिंग और अन्य आपराधिक मामलों में जेल में बंद है। पुलिस जांच में गिरफ्तार आरोपियों ने दावा किया था कि युवतियों को फंसाने और शादी के लिए आर्थिक मदद दी जाती थी। मामले के सामने आने के बाद नगर निगम ने उसकी पार्षद सदस्यता समाप्त कर दी थी और उसे चुनाव लड़ने के लिए अयोग्य घोषित किया गया था।

अनवर कादरी का नाम पहले भी कई आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है। 90 के दशक में दर्ज एक डकैती केस के बाद वह “अनवर डकैत” के नाम से चर्चाओं में आया था। बाद में जानलेवा हमले के मामले में भी उसे सजा सुनाई जा चुकी है।

जेल प्रशासन अलर्ट मोड पर

दोनों हाईप्रोफाइल बंदियों के बीच हुए विवाद के बाद जेल प्रशासन सतर्क हो गया है। सूत्रों का कहना है कि आगे किसी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए दोनों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *