द पब्लिकेट, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर में शुक्रवार दोपहर रूप सिंह स्टेडियम के सामने की सड़क एक खौफनाक हत्या की गवाह बनी। अरविंद परिहार नाम के व्यक्ति ने खुलेआम अपनी पत्नी नंदिनी परिहार के सिर में चार गोलियां दाग दीं। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी पत्नी के शव के पास बैठा नजर आता है।

सिस्टम फेल: शिकायतों के बाद भी नहीं मिली सुरक्षा

नंदिनी ने बीते मंगलवार को एसपी ऑफिस पहुंचकर अरविंद के खिलाफ धोखे से शादी, जान से मारने की धमकी और अश्लील वीडियो वायरल करने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे।

घटना का विवरण: गोली, दहशत और पुलिस पर हमला

प्रत्यक्षदर्शी वकील एमपी सिंह के अनुसार, आरोपी ने नंदिनी पर एक के बाद एक गोलियां चलाईं। मौके पर पहुंची पुलिस को भी आरोपी ने डराने की कोशिश की। अंततः आंसू गैस के गोले छोड़कर उसे पकड़ा गया।

अरविंद की कहानी: पहले से शादीशुदा, फिर की लव मैरिज

आरोपी अरविंद परिहार पहले से शादीशुदा था, उसके बच्चे भी हैं। उसने झूठ बोलकर नंदिनी से आर्य समाज मंदिर में शादी की थी। जब सच्चाई सामने आई तो दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। नंदिनी ने अरविंद और उसकी सहयोगी पूजा परिहार पर पहले भी जानलेवा हमले, कार से कुचलने की कोशिश, और साइबर अपराध के केस दर्ज करवाए थे।

10 महीने पहले भी की थी जानलेवा कोशिश

करीब 10 महीने पहले भी अरविंद ने नंदिनी, उसके बेटे और मां को कार से कुचलने की कोशिश की थी। उस समय तीनों थाने से लौट रहे थे। यह घटना भी पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज है।

सोशल मीडिया पर बदनाम करने की साजिश

नंदिनी ने यह भी आरोप लगाया था कि अरविंद और पूजा मिलकर उसके फर्जी अश्लील वीडियो और फोटो वायरल कर रहे हैं, जिसे वह मानसिक और सामाजिक प्रताड़ना मानती थी।

नंदिनी का अतीत भी विवादों में रहा

बताया गया कि नंदिनी खुद भी 2017 में एक हत्या के मामले में आरोपी रह चुकी है और साढ़े चार साल की जेल काटने के बाद जमानत पर बाहर थी। लेकिन इस बात से यह सवाल खत्म नहीं होता कि क्यों एक महिला जो पहले से पीड़ित थी, उसे सुरक्षा नहीं दी गई?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *