द पब्लिकेट, इंदौर। शहर में महिला सुरक्षा को तार-तार करने का मामला सामने आया है। बदमाशों के हौंसले इतने बुलंद है कि वह मामूली बातों पर अकेली रह रही युवती के घर जाकर विवाद कर रहे है, धमकियां दे रहे है। और खुलेआम गुंडाई कर खौफ फैला रहे है। लसूड़िया थाना क्षेत्र स्थित निपानिया इलाके की एक बिल्डिंग में कल ग्राफिक डिजाइनर का कोर्स कर रही युवती के घर करीब 15-20 बदमाशों ने देर रात धावा बोल दिया। युवती को बचाने सिक्योरिटी गार्ड आए तो उनको हटाकर बदमाशों ने आतंक किया। देर रात युवती ने अपने दोस्तों के साथ थाने पहुंच कर शिकायत की है। युवती ने कुछ दिन पहले सचिन के बड़े भाई सुधांशु तोमर के साथ मजाक कर दिया था। इसका बदला लेने के लिए छोटे भाई सचिन तोमर ने अपने साथियों के साथ युवती के साथ दुर्व्यहार किया।
लसूड़िया थाना क्षेत्र स्थित श्री कृष्णा विहार बिल्डिंग में रहने वाली युवती के घर में देर रात सचिन तोमर, सुधांशु तोमर सहित उनके साथियों ने घुसकर विवाद किया। कारण था कि कुछ दिन पहले सुधांशु को युवती ने मजाक मस्ती में कुपोषित बोल दिया था। इससे गुस्साए सुधांशु ने अपने भाई सचिन तोमर को बात बताई। कल देर रात सचिन तोमर अपने 15-20 साथियों के साथ नशे में धुत हालत में देर रात युवती के घर पहुंचा। युवती ने देर रात जैसे ही दरवाजा खोला तो सचिन अपने साथियों के साथ आया और युवती के साथ अभद्रता करने लगा। युवती चिल्लाई लेकिन बदमाश नहीं रुके। उन्होंने युवती के साथ हुज्जत की और जब युवती ने विरोध किया तो सचिन बोला कि हम किसी से डरते नहीं है। उसी दौरान बिल्डिंग का गार्ड आवाज सुनकर आया और सब बदमाशों को रवाना कर गेट लगाने लगा, तब बदमाशों ने वापस बिल्डिंग का गेट लांगकर युवती को गालियां दी। करीब आधे घंटे तक विवाद करने के बाद बदमाश धमकी देकर भाग निकले। घटना के बाद युवती ने अपने दोस्तों को बुलाया और लसूड़िया थाने जाकर शिकायत करवाई। देर रात थाने पर पुलिस में लिखित आवेदन लेकर फरियादी को रवाना कर दिया।
युवती ने सोशल मीडिया पर डाला घटना का वीडियो
घटना के बाद युवती ने तुरंत सोशल मीडिया पर विवाद कर रहे बदमाशों का वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया। इसमें सचिन नाम का व्यक्ति वीडियो बनाने के दौरान युवती का फोन चिन रहा है। वहीं, युवती ने वीडियो सांझा करते हुए बताया कि जिन बदमाशों ने विवाद किया है वह एक साल पहले एक युवती के साथ गलत हरकत कर चुके है। इसकी शिकायत भी उस युवती ने थाने में की थी लेकिन रसूख के चलते किसी पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। एक और बात सामने आई है कि विवादित बदमाश सचिन इलाके के एक नेता के दम पर बदमाशी करता है।


