द पब्लिकेट, भारत। पेरिस ओलंपिक में भारत को पहला पदक दिलाने का गौरव मानु भाकर के नाम रहा। रविवार को महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में उन्होंने कांस्य पदक जीतकर इतिहास रच दिया। वह ओलंपिक में शूटिंग में पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं, साथ ही 12 साल के लंबे इंतजार को भी समाप्त किया। तोक्यो ओलंपिक की निराशा को पीछे छोड़ते हुए मानु ने पेरिस में अपना जलवा दिखाया। क्वालीफिकेशन राउंड में तीसरे स्थान पर रहकर फाइनल में पहुंची मानु ने 221.7 अंक हासिल करके कांस्य पदक अपने नाम किया।
दक्षिण कोरिया की किम येजी से रजत पदक के लिए कड़ी टक्कर देते हुए मानु अंतिम शॉट तक 0.1 अंक की बढ़त बनाए हुई थीं। लेकिन आखिरी शॉट में मानु ने 10.3 का स्कोर किया, जबकि किम ने 10.5 अंक हासिल करके रजत पदक अपने नाम कर लिया। स्वर्ण पदक दक्षिण कोरिया की ओह ये जिन के नाम रहा, जिन्होंने 243.2 के कुल स्कोर के साथ ओलंपिक रिकॉर्ड भी तोड़ा।
हरियाणा के झज्जर की रहने वाली मानु ने बचपन से ही खेलों में रुचि दिखाई थी। टेनिस, स्केटिंग, बॉक्सिंग और थांग-ता में राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन करने के बाद 2016 में रियो ओलंपिक से प्रेरित होकर उन्होंने शूटिंग में हाथ आजमाया। महज एक हफ्ते में ही अपने पिता राम किशन भाकर को स्पोर्ट्स पिस्टल खरीदने के लिए राजी कर लिया।
2017 में मानु ने राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप में ओलंपियन हीना सिद्धू को हराकर सबको चौंका दिया था। तब से उनका सफर लगातार ऊंचाइयों की ओर रहा है। तोक्यो की निराशा के बाद संन्यास लेने की सोच रही मानु ने पेरिस में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया और भारत को गौरवान्वित किया।