द पब्लिकेट, उज्जैन/तराना। उज्जैन के तराना में गुरुवार शाम लव जिहाद पकड़ने वाले बजरंगी पर दूसरे पक्ष के युवकों ने गुस्से में हमला कर दिया था, जिसके बाद इलाके के जमकर हिंसा हुई। बजरंग दल के कार्यकर्ता पर हमले की खबर लगते ही एक पक्ष ने जमकर विरोध किया तो दूसरे पक्ष के लोगों ने कोई कमी नहीं छोड़ी। गुरुवार रात तक तराना में जमकर हिंसा हुई। पुलिस ने मामले को शांत किया लेकिन शुक्रवार सुबह होते ही हिंसा वापस भड़क उठी। सूत्रों ने बताया मामले में पुलिस ने करीब 20 लोगों को हिरासत में लिया है जिसमें एक तराना से कांग्रेस विधायक महेश परमार का पार्षद टीपू कुरैशी भी है।

जिले के तराना कस्बे में सांप्रदायिक तनाव थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार रात की घटनाओं के बाद शुक्रवार दोपहर एक बार फिर हालात बेकाबू हो गए। नमाज के बाद बस स्टैंड क्षेत्र में दो समुदाय आमने-सामने आ गए, जिसके बाद जमकर पथराव हुआ और एक बस को आग के हवाले कर दिया गया। स्थिति बिगड़ते देख मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पूरे क्षेत्र में बीएनएस की धारा 163 लागू कर दी गई है। पुलिस ने अब तक 15 से 20 लोगों को हिरासत में लिया है। उपद्रव की घटनाएं सीसीटीवी कैमरों में कैद हो चुकी हैं, जिनके आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। सूत्रों ने बताया पुलिस ने कांग्रेस पार्षद टीपू कुरैशी को भी हिरासत में लिया है। शाम करीब 7 बजे पुलिस उसे थाने लेकर गई थी। गुरुवार रात हुई हिंसा में पार्षद का भी हाथ था, जिसकी जांच पुलिस कर रही है। 

बस स्टैंड क्षेत्र में मचा बवाल, अचानक पहुंची भीड़

शुक्रवार दोपहर प्रशासन यह मान रहा था कि हालात नियंत्रण में हैं, तभी तकिया मोहल्ला क्षेत्र से 50–60 लोगों की भीड़ बस स्टैंड पहुंची और अचानक पथराव शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार भीड़ में शामिल लोग धर्म विशेष से जुड़े थे।

पथराव के बाद दूसरा पक्ष भी सड़क पर उतर आया। पुलिस ने दोनों पक्षों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने वहां खड़ी एक बस में आग लगा दी, जिससे हालात और बिगड़ गए।

कैसे शुरू हुआ तराना विवाद

गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे शुक्ला गली निवासी सोहिल पिता सोनू ठाकुर (26) राम मंदिर संघ कार्यालय के पास बैठा था। इसी दौरान ईशान मिर्जा और उसके 8-10 साथी लोहे की रॉड, लाठी और चाकू लेकर पहुंचे और सोहिल से विवाद करने लगे।

आरोप है कि आरोपियों ने सोहिल के सिर पर लोहे की रॉड से हमला किया। उसे बचाने आए चचेरे भाई के साथ भी मारपीट की गई। गंभीर रूप से घायल सोहिल को पहले तराना अस्पताल और फिर उज्जैन जिला अस्पताल रेफर किया गया। घटना के बाद सैकड़ों लोग अस्पताल के बाहर जमा हो गए और वहीं से कुछ लोग बस स्टैंड की ओर बढ़े, जहां पथराव शुरू हो गया।

अब तक हुआ नुकसान

  • 13 बसों में तोड़फोड़
  • 1 बस में आगजनी
  • 6 घरों में तोड़फोड़
  • 12 कारों को नुकसान
  • पूर्व पार्षद आजाद खान की दुकान में आग
  • 50 से अधिक लोगों द्वारा हमला

पुलिस कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था

पुलिस ने सप्पन मिर्जा, ईशान मिर्जा, शादाब उर्फ इडली, सलमान मिर्जा, रिजवान मिर्जा और नावेद के खिलाफ जानलेवा हमले का केस दर्ज किया है। इनमें से 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। तराना में 5 थाना प्रभारी और 100 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात हैं। ड्रोन और मोबाइल पेट्रोलिंग से निगरानी की जा रही है।

एसपी प्रदीप शर्मा का बयान

एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि दोनों पक्षों से बातचीत की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी सूचना को पुलिस तक पहुंचाने की अपील की है।

घायल सोहिल ठाकुर की हालत स्थिर

सोहिल ठाकुर को सिर में गंभीर चोट आई थी। फिलहाल वह उज्जैन जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत खतरे से बाहर है।

संगठनों का विरोध प्रदर्शन

घटना के बाद विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव किया और फरार आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की। कार्यकर्ताओं ने हनुमान चालीसा का पाठ भी किया। पुलिस और प्रशासन लगातार स्थिति को शांत करने में जुटे हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *