द पब्लिकेट, मैनपुरी। भाजपा महिला मोर्चा की मंडल अध्यक्ष के बेटे पर गंभीर आरोप लगे हैं। महिला का कहना है कि उसका पति एक अन्य महिला के साथ नाजायज संबंध रखता है और उनके अश्लील वीडियो बनाकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करता है। वायरल हो रहे करीब 130 अश्लील वीडियो शहर के विभिन्न होटलों और रेस्टोरेंट्स में शूट किए गए हैं। इस पूरे मामले के सामने आने के बाद आरोपी युवक की पत्नी ने थाने में लिखित शिकायत दी है।
पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप
पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी 30 नवंबर 2021 को मैनपुरी के बीएम गार्डन में हुई थी। ससुराल करहल रोड पर है। शादी के बाद से ही उसे लगातार प्रताड़ना झेलनी पड़ रही है। पीड़िता का आरोप है कि ससुराल के सभी लोग उसे दहेज के लिए ताने देते हैं, खाना नहीं देते, कमरों में बंद कर देते हैं और उसे घर के सामान तक इस्तेमाल नहीं करने दिया जाता।

वीडियो दिखाकर करता है प्रताड़ित
पीड़िता ने बताया कि उसका पति दूसरी महिला के साथ नाजायज रिश्ते में है। वह बार-बार वीडियो दिखाकर कहता है कि “तू मेरा कुछ नहीं कर सकती, मेरी मां भाजपा की नेता है, तू और तेरे घर वाले बिक जाएंगे।” महिला ने यह भी कहा कि जब वह ससुराल वालों को इस बारे में बताती है, तो वे कहते हैं, “जो करना है कर लो, हमारा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।”
शारीरिक हिंसा का भी आरोप
पीड़िता ने बताया कि कुछ दिन पहले उसकी ननद ने उसे छत पर खींचकर ले जाया, जहां उसकी सास ने जमकर पिटाई की। पति और ससुर ने इस हिंसा को बढ़ावा दिया। पीड़िता के शरीर पर चोट के निशान हैं, जो ससुराल में हुई मारपीट के सबूत हैं।
राजनीतिक दबाव में दबता रहा मामला
सूत्रों के अनुसार, पिछले चार सालों से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा है। एक बार मामला इतना बढ़ गया था कि पुलिस को बुलाना पड़ा, लेकिन राजनीतिक प्रभाव के चलते मामला दबा दिया गया। वायरल वीडियो और लगातार हो रही प्रताड़ना से परेशान होकर अब पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

महिला नेता का फोन बंद, चुप्पी साधे सियासी गलियारों में हलचल
इस पूरे मामले के सामने आने के बाद भाजपा महिला मोर्चा की मंडल अध्यक्ष, जो आरोपी युवक की मां हैं, का फोन लगातार बंद आ रहा है। राजनीतिक गलियारों में चुप्पी है लेकिन सोशल मीडिया और स्थानीय जनता के बीच चर्चा जोरों पर है।
अब सबसे बड़ा सवाल – वीडियो किसने किए वायरल?
करीब 130 वीडियो एक साथ वायरल होने से सवाल उठ रहा है कि ये वीडियो किसने और कैसे लीक किए? क्या ये ब्लैकमेलिंग का मामला है या कोई अंदरूनी साजिश? पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।