द पब्लिकेट, भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अपनी चेतावनी को हकीकत में बदलते हुए प्रदेश में प्रशासनिक लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई की है। पहले ही स्पष्ट कर चुके थे कि कभी भी औचक दौरा हो सकता है। अब उसी के तहत सख्त कदम उठाए गए हैं।
सीधी डिस्ट्रिक्ट के दौरे के दौरान जनता की शिकायतों और व्यवस्थाओं में गंभीर कमियां सामने आने पर जिला सहकारी बैंक के महाप्रबंधक पी.एस. धनवाल को तत्काल निलंबित कर दिया गया। वहीं कलेक्टर स्वरोचित सोमवंशी को भी उनके पद से हटाने के निर्देश जारी किए गए।
इसी कड़ी में गुना डिस्ट्रिक्ट में नकद राशि हेर-फेर के मामले में पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी की भूमिका संतोषजनक नहीं पाए जाने पर उन्हें भी तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि जनसेवा में किसी भी प्रकार की लापरवाही या भ्रष्टाचार बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने साफ संकेत दिए कि आगे भी इस तरह के आकस्मिक निरीक्षण जारी रहेंगे, ताकि प्रशासन में जवाबदेही बनी रहे और आम जनता को बेहतर सुशासन मिल सके।

