महूनाका के पीछे बाराबाई क्षेत्र में कार्रवाई, व्हिस्की, वोदका और बीयर का बड़ा जखीरा मिला; आरोपी मौके से फरार
द पब्लिकेट, इंदौर। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत इंदौर जिला आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बंद मकान से करीब 141 बल्क लीटर अवैध मदिरा बरामद की है। जब्त शराब की अनुमानित बाजार कीमत करीब 1.25 लाख रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान मकान से संबंधित व्यक्ति मौके पर नहीं मिला और फिलहाल आरोपी अज्ञात है।
आबकारी विभाग को 7 सितंबर 2026 की सुबह मुखबिर से सूचना मिली थी कि महूनाका के पीछे बाराबाई क्षेत्र में साईं मंदिर के पास स्थित एक मकान में अवैध शराब का संग्रहण किया गया है। सूचना के आधार पर सहायक जिला आबकारी अधिकारी निधि शर्मा, आबकारी उपनिरीक्षक आकाश मेश्राम और टीम मौके पर पहुंची।
मकान पर ताला लगा मिला। पंचों की मौजूदगी में पंचनामा तैयार कर वैधानिक प्रक्रिया के तहत ताला खोला गया और मकान की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान अलग-अलग ब्रांड की व्हिस्की, वोदका और बीयर का बड़ा स्टॉक बरामद हुआ।
बरामद शराब में London Pride की 27, Batch Master की 25, 8 PM की 27 और Officer’s Choice की 48 बोतलें शामिल हैं। इसके अलावा Magic Moments Apple की 4, Magic Moments Jamun की 3, Simon की 1, Rockford की 1 और Blender’s Pride की 2 बोतलें भी मिलीं। ये बोतलें 750 एमएल क्षमता की बताई गई हैं।
वहीं, Kingfisher Strong की 14 कैन और Bolt की 62 कैन भी बरामद की गईं, जिनमें प्रत्येक कैन की क्षमता 500 एमएल है।
आरोपी की तलाश शुरू
कार्रवाई के दौरान मकान से संबंधित व्यक्ति मौके पर मौजूद नहीं मिला। आबकारी विभाग ने मामले में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब मकान से जुड़े व्यक्ति की पहचान के साथ शराब के स्रोत, उसके संग्रहण और संभावित बिक्री नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।
विभाग का कहना है कि विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर संबंधित लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। अवैध शराब के विक्रय, परिवहन और संग्रहण के खिलाफ आबकारी विभाग का अभियान लगातार जारी रहेगा।

