द पब्लिकेट, इंदौर। इंदौर में मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के छोटे भाई नाना पटवारी को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, उन्हें शहर के सनशाइन फार्म हाउस से हिरासत में लिया गया। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई राजेंद्र नगर थाना पुलिस द्वारा बुधवार देर रात दो कथित ड्रग्स पैडलरों की गिरफ्तारी के बाद सामने आए इनपुट के आधार पर की गई। पूछताछ के दौरान आरोपितों ने नाना पटवारी का नाम लिया, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। जांच से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक पूछताछ में नाना पटवारी ने आरोपितों को जानने की बात स्वीकार की है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह संबंध केवल परिचय तक सीमित था या ड्रग्स नेटवर्क से किसी अन्य रूप में भी जुड़ा हुआ है।
पुलिस सूत्रों का यह भी कहना है कि नाना पटवारी का नाम पहले भी एक ड्रग्स प्रकरण में सामने आ चुका है। इसी कारण जांच एजेंसियां वर्तमान मामले की कड़ियों को पुराने मामलों से जोड़कर भी जांच कर रही हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस घटनाक्रम के बाद प्रदेश की राजनीति भी गर्मा गई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद विवेक तंखा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा कि उन्हें जीतू पटवारी से जानकारी मिली है कि इंदौर पुलिस उनके छोटे भाई को बिना किसी अपराध की जानकारी दिए हिरासत में लेकर चली गई है और परिवार को इसकी सूचना भी नहीं दी गई। उन्होंने इंदौर पुलिस आयुक्त और प्रदेश के डीजीपी से आग्रह किया कि ऐसी परंपरा न बनाई जाए, जो भविष्य में परेशानी का कारण बने।
गौरतलब है कि नाना पटवारी का नाम सात वर्ष पुराने खुशी कुलवाल आत्महत्या प्रकरण में भी सामने आ चुका है। इसके अलावा उनके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, हाल ही में तेजाजी नगर क्षेत्र के कथित जमीन धोखाधड़ी प्रकरण को जोड़ने के बाद उनके खिलाफ दर्ज मामलों की संख्या 10 हो गई है। इनमें वर्ष 2018 में महिला से जुड़े एक मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 354(क) के तहत दर्ज प्रकरण भी शामिल है।

