नई दिल्ली/इस्तांबुल। अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई में कुख्यात तस्कर और भगोड़े आतंकी दाऊद इब्राहिम के करीबी सलीम डोला को तुर्की के इस्तांबुल में गिरफ्तार कर लिया गया है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक तुर्की की सुरक्षा एजेंसियों ने यह कार्रवाई की, जबकि भारतीय एजेंसियों के सूत्रों ने भी गिरफ्तारी की पुष्टि की है।
बताया जा रहा है कि सलीम डोला लंबे समय से इंटरपोल के रेड कॉर्नर नोटिस के दायरे में था, जो केंद्रीय जांच ब्यूरो द्वारा मुंबई पुलिस में दर्ज मामलों के आधार पर जारी कराया गया था। डोला पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सिंथेटिक ड्रग्स की तस्करी का बड़ा नेटवर्क संचालित करने का आरोप है।
सूत्रों के अनुसार, डोला दुबई से अपने नेटवर्क को कंट्रोल करता था और भारत सहित कई देशों में फैले गुप्त अड्डों व लैब्स के जरिए ड्रग्स की सप्लाई करता था। उसके गिरोह का सालाना कारोबार 5,000 करोड़ रुपए से अधिक बताया जा रहा है, जिससे यह देश के सबसे बड़े ड्रग सिंडिकेट्स में से एक माना जाता है।
भारतीय एजेंसियों का मानना है कि यह गिरफ्तारी ड्रग माफिया के खिलाफ बड़ा झटका है। एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, “अगर डोला हिरासत में है, तो यह उसके पूरे नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में अहम कदम है।”
गौरतलब है कि पिछले साल डोला के बेटे ताहिर डोला को यूएई में गिरफ्तार कर भारत लाया गया था। इसके अलावा उसके करीबी सहयोगी सलीम मोहम्मद सोहेल शेख को भी दुबई से निर्वासित कर मुंबई में गिरफ्तार किया जा चुका है।
सलीम डोला और उसके नेटवर्क के खिलाफ भारत में ड्रग तस्करी, निर्माण और मनी लॉन्ड्रिंग के कई मामले दर्ज हैं, जिनकी जांच प्रवर्तन निदेशालय (ED) समेत अन्य एजेंसियां कर रही हैं। यह गिरफ्तारी अंतरराष्ट्रीय सहयोग और समन्वय का बड़ा उदाहरण मानी जा रही है।

