द पब्लिकेट, इंदौर/गोवा। इंदौर के एक कारोबारी के 21 वर्षीय बेटे की अंजुना बीच स्थित विला में पार्टी के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक बीबीए छात्र ईशान बड़गुजर अपने छह दोस्तों के साथ घूमने गोवा गया था।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात विला में पार्टी के दौरान ईशान की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह गिर पड़ा। उसके दोस्तों ने उसे पहले पास के मेडिकल सेंटर और फिर गोवा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पार्टी के दौरान शराब और ड्रग्स का सेवन किया गया था, जिससे ओवरडोज की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि ईशान ने ड्रग्स लिया था या नहीं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम हो चुका है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण सामने आएगा।
वहीं, गोवा पहुंचे परिजनों ने ओवरडोज की आशंका को खारिज करते हुए मौत का कारण हार्ट अटैक बताया है। परिजन ईशान का शव इंदौर ला रहे हैं।
घटना के बाद विला में मौजूद युवक घबरा गए थे और वहां से निकलने की कोशिश करने लगे, लेकिन स्थानीय लोगों की समझाइश के बाद वे रुक गए। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल मौत के कारण को लेकर सस्पेंस बना हुआ है, जिसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।

