द पब्लिकेट, इंदौर। प्रदेश में सोमवार रात प्रशासनिक फेरबदल हुआ। 14 आईएएस अधिकारियों के ट्रांसफर हुए जिसमें से पांच शहरों के कलेक्टर बदले। मुख्यंत्री डॉक्टर मोहन यादव के खास और विश्वसनीय आईएएस अधिकारियों को सीएम यादव के प्रभार क्षेत्र इंदौर में बड़ी जिम्मेदारी मिली। इससे यह साफ हो गया कि सीएम अपने क्षेत्र में सीएम की तर्ज पर विकास और कार्य करवाएँगे।
रात को जारी हुई 14 आईएएस अधिकारियों की तबादला सूची में इंदौर के नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा को इंदौर कलेक्टर बनाया गया। ऐसा पहली बार हुआ है कि किसी नगर निगम आयुक्त को अचानक से सीधे कलेक्टर बनाया गया हो। शिवम वर्मा के तबादले के बाद अब इंदौर नगर निगम की जिम्मेदारी कटनी के कलेक्टर दिलीप कुमार यादव संभालेंगे। यादव को इसके अलावा मेट्रो रेल कंपनी का अपर प्रबंध संचालक बनाया गया है। माना जाता है दोनों अधिकारी मुख्यमंत्री मोहन यादव के खास है।
बात की जाए सीएम के विश्वसनीय अधिकारी की तो नाम सुदाम खाड़े का भी आता है। सुदाम पंढरीनाथ खाड़े को इंदौर का संभागायुक्त बनाया गया है। इससे पहले इनके पास मध्यप्रदेश जनसंपर्क विभाग और आयुक्त की जिम्मेदारी थी। मुख्यमंत्री यादव के जनसंपर्क का कार्य भी खाड़े ही संभालते थे जिसके कारण भी वह विश्वसनीय अधिकारी में से एक है। हालांकि अब इनकी जगह जबलपुर कलेक्टर दीपक कुमार सक्सेना को मौला मिला है।
सीएम ने इंदौर कलेक्टर आशीष सिंह को उज्जैन का संभागायुक्त बनाया गया है। इसके अलावा सिंह के पास सिंहस्थ मेले का भी प्रभार है। आपको जानकारी होगी कि आशीष सिंह उज्जैन कलेक्टर रह चुके है और इनके रहते उज्जैन में कई काम हुए है।



