द पब्लिकेट, नई दिल्ली। दिल्ली के सत्य निकेतन में बहुमंजिला इमारत गिरने की घटना के बाद छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) का गुस्सा फूट पड़ा। हादसे में मौतों का आंकड़ा बढ़कर 5 पहुंचने के बाद ABVP के करीब 150 से 200 कार्यकर्ताओं ने सिविक सेंटर स्थित दिल्ली नगर निगम (MCD) कार्यालय पहुंचकर जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं द्वारा MCD की मुख्य इमारत में जबरन प्रवेश करने की कोशिश की गई। इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और कार्यालय में तोड़फोड़ की घटना भी सामने आई।

कमिश्नर के इस्तीफे की मांग पर अड़े प्रदर्शनकारी

ABVP कार्यकर्ताओं ने सत्य निकेतन हादसे के लिए जिम्मेदारी तय करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि राजधानी में इमारतों की सुरक्षा और निर्माण नियमों की निगरानी में लापरवाही बरती जा रही है। इसी को लेकर कार्यकर्ताओं ने MCD कमिश्नर के इस्तीफे की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारी गेट नंबर-5 से सिविक सेंटर परिसर में दाखिल हुए और मुख्य इमारत के बाहर बैठकर MCD के खिलाफ प्रदर्शन करने लगे। कुछ प्रदर्शनकारियों ने मुख्य भवन में प्रवेश करने का प्रयास किया, जिसके बाद मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ उनकी धक्का-मुक्की हो गई।

15 प्रदर्शनकारी हिरासत में

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, हंगामे के बाद करीब 15 छात्रों को हिरासत में लेकर कमला मार्केट थाने ले जाया गया। पुलिस ने बताया कि हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दिल्ली पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बाकी प्रदर्शनकारियों को मौके से हटा दिया। अधिकारियों के अनुसार फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।

ABVP ने पुलिस-प्रशासन पर लगाए आरोप

प्रदर्शन के दौरान ABVP के एक कार्यकर्ता ने पुलिस और प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब छात्र और अन्य लोग हादसे में मलबे के नीचे दबे हैं, तब जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा रही। कार्यकर्ता ने MCD कमिश्नर पर भी निशाना साधते हुए उनके इस्तीफे की मांग की।

सत्य निकेतन हादसे में 5 मौतें

सत्य निकेतन में बहुमंजिला इमारत गिरने की घटना में 5 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। हादसे के बाद से ही NDRF, दिल्ली फायर सर्विस, दिल्ली पुलिस और अन्य राहत एजेंसियां लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हैं। मलबे में अभी भी लोगों के फंसे होने की आशंका के चलते बचाव अभियान जारी है।

हादसे के बाद एक ओर जहां प्रशासन द्वारा राहत और बचाव कार्य चलाया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर अवैध निर्माण, बिल्डिंग सुरक्षा और MCD की निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। ABVP का प्रदर्शन इसी नाराजगी का हिस्सा माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *