द पब्लिकेट, इंदौर। बाणगंगा थाने में पिछले दिनों प्रॉपर्टी कारोबारी विनोद यादव के घर चोरी के मामले में पुलिस दाबेपांव जांच कर रही है। सनसनीखेज चोरी करने में पुलिस ने विनोद यादव के भतीजे को हिरासत में लिया है। पांच दिन से पूछताछ चल रही है। चोरी का मास्टरमाइंड बाणगंगा का ही नामी सटोरिया है जिसने साजिश रची थी। पैसा भी उसी के पास है। सूत्रों ने बताया चोरी का पैसा बटने की बात हुई थी लेकिन रुपए लेकर वह फरार हो गया।
एसीपी रुबीना मेजबानी ने बताया बाणगंगा थाना क्षेत्र के बाणेश्वरी कुंड के पास स्थित डागर मोहल्ले में प्रॉपर्टी कारोबारी विनोद यादव के घर करीब साठ लाख की चोरी हुई थी। विनोद यादव सहित परिवारजन वैष्णोदेवी दर्शन करने गए थे तब उनके घर में तीन चोरों ने डाका डालकर करीब 35 लाख रुपए और सोने के आभूषण चुरा लिए। वारदात का पता चलते ही पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने इस मामले में गोलू यादव नाम के युवक को हिरासत में लिया है जो विनोद यादव का भतीजा लगता है। पांच दिन से पुलिस पूछताछ कर रही है।

सटोरिया है सनसनीखेज चोरी का मास्टरमाइंड
सूत्रों ने बताया विनोद यादव का थोड़ी समय पहले राम नगर में एक मकान बिका था जिसका पैसा उन्होंने घर में रख दिया था। चोरी का मास्टरमाइंड दीपेश जयसवाल नाम का सटोरिया है जिसने सनसनीखेज चोरी की साजिश रची थी। यह बात जब उसे पता चली तो उसने प्लानिंग कर वारदात करवाने का सोचा।
पैसा तो नहीं मिला लेकिन बदनामी हो गई
सूत्रों ने यह भी बताया कि इस चोरी करने के बाद यह पैसा भतीजे के अलावा अन्य लोगों में भी बटना था। पूरी प्लानिंग होने के बाद ही वारदात को अंजाम दिया गया था। गोलू यादव, लकी यादव और सुधांशु प्रजापत उर्फ बाबू नाम के बदमाशों ने चोरी करने के बाद सारा माल सटोरिये को दिया था लेकिन सटोरिया पैसा लेकर भाग निकला और भतीजा खुद फंस गया।

आपराधिक प्रवर्ती का है बाबू
बताया जा रहा है इस मामले में बाणगंगा पुलिस ने तीनों बदमाशों को ट्रेस कर लिया था। चोरी होने की अगली रात में पुलिस सुधांशु प्रजापत उर्फ बाबू को पकड़ने के लिए विजय नगर स्थित स्कीम नंबर 74 की एक बिल्डिंग में दबिश देने पहुंची थी। करीब 45 मिनट तक एक कमरे में पूछताछ चली लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। सुधांशु प्रजापत उर्फ बाबू मूल निवासी उज्जैन का है। इसपर आपराधिक मामले दर्ज है। वैष्णव कॉलेज के छात्रों के बीच उठना बैठना है। अभी तक पुलिस की गिरफ्त से दूर है।

