द पब्लिकेट, इंदौर। एमआईजी इलाके में शुक्रवार रात गुमशुदा हुए कव्वाल के 13 वर्षीय बेटे का शव आज पास की मल्टी के कमरे की पलंग पेटी में खून से लथपथ हालत में मिला। पुलिस ने तीन घंटों की छानबीन कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। प्रथमदृष्टी जांच में अप्राकृतिक कृत्य होने के कारण हत्या होने का मामला सामने आया है। 

एमआईजी थाना प्रभारी चंद्रभाल सिंह ने बताया श्रीनगर कॉलोनी निवासी कव्वाल आफताब कादरी का बेटे 13 वर्षीय अली कादरी शुक्रवार शाम से लापता था। परिजनों द्वारा काफी तलाश के बाद भी जब बालक नहीं मिला तो उन्होंने रात में एमआईजी थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें अली की आखिरी लोकेशन श्रीदेवी अपार्टमेंट में पाई गई।

जांच के दौरान उसी अपार्टमेंट में रहने वाला युवक रेहान पुलिस के साथ मौजूद रहा और तलाशी के दौरान पुलिस को बार-बार गुमराह करता रहा। पुलिस ने उसके हाथ देखे जिसमें चोट के निशान थे जिससे शक गहरा हो गया। 

शनिवार सुबह पुलिस ने अपार्टमेंट की छत से अली की खून से सनी जैकेट और नीचे परिसर से उसका स्कूल बैग बरामद किया। इसके बाद पुलिस ने एक बार फिर अपार्टमेंट के सभी फ्लैट्स की गहन तलाशी ली। जब आरोपी रेहान के फ्लैट की तलाशी ली गई तो उसके घर की पलंग पेटी से अली का शव बरामद हुआ।

पुलिस को फ्लैट की छत पर खून से सनी जैकेट के पास हाथ-पांव के निशान भी मिले हैं। वहीं घर में रखी वॉशिंग मशीन में अली और आरोपी रेहान के कपड़े पानी में डूबे मिले, जिससे साक्ष्य मिटाने की कोशिश की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस की पूछताछ में आरोपी रेहान ने बालक की हत्या कर शव पलंग पेटी में छिपाने की बात कबूल कर ली है। इस मामले में एक नाबालिग आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एम वाय अस्पताल भेज दिया है। 

देर रात आई थी शोर की आवाज 

इसी बीच देर रात डायल-112 पर कॉल कर अपार्टमेंट से “बचाओ-बचाओ” की आवाज आने की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस दोबारा मौके पर पहुंची, लेकिन उस समय कोई संदिग्ध गतिविधि सामने नहीं आई।

निगम और पार्षद को बुलाकर करवाया साफ 

टीआई सीबी सिंह ने बताया इलाके में छानबीन के बाद तीन घंटों में हत्या का खुलासा किया। घटना स्थल के आस-पास काफी गंदगी पसरी पड़ी थी। अली की छानबीन करने के लिए करीब 20 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले। ड्रेनेज की जांच करने पहुँचे तो गंदगी देख तुरंत नगर निगम और पार्षद को साफ-सफाई करने को कहा जिसके बाद इलाका साल कराया गया। चंद घंटों में हत्या का खुलासा किया है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *