द पब्लिकेट, इंदौर। देवी अहिल्या विश्वविद्यालय की अनियमितियों को लेकर एनएसयूआई छात्र संगठन ने अपने कार्यकर्ताओं के साथ आरएनटी मार्ग स्थित डीएवीवी परिसर में जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। करीब डेढ़ से दो घंटे चले इस प्रदर्शन में कई छात्र नेता अपनी सोशल मीडिया की राजनीति चमकाने के लिए रीलबाजी के चक्कर में जबरन बेरिकेड्स पर चढ़कर विरोध करने लगे। इससे प्रदर्शन ने उग्र रूप ले लिया। पुलिस की समझाइश पर भी प्रदर्शनकारी नहीं माने तो पुलिस ने जिला अध्यक्ष सहित छह पदाधिकारियों को गिरफ्तार किया। 

प्रदर्शनकारी छात्रों का आरोप है कि विश्वविद्यालय में लंबे समय से प्रशासनिक और शैक्षणिक स्तर पर लापरवाही बरती जा रही है। विशेष रूप से रिजल्ट में देरी और मूल्यांकन में गड़बड़ी जैसे मुद्दों को लेकर छात्रों में नाराजगी है। दोपहर करीब 1:40 बजे कैंपस पहुंचे कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर विरोध दर्ज कराया।

इस दौरान एक अलग तस्वीर भी सामने आई। पुलिस के अनुसार, कई छात्र नेता विरोध से ज्यादा सोशल मीडिया के लिए वीडियो बनाने में व्यस्त दिखे। बेहतर विजुअल्स के लिए बार-बार बैरिकेड्स पर चढ़ने की कोशिश की गई, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने लाउडस्पीकर से बार-बार अपील की, लेकिन जब कार्यकर्ता जबरन परिसर में घुसने लगे और धक्का-मुक्की की स्थिति बनी, तो पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुछ नेताओं को हिरासत में ले लिया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया।

रामसनेही मिश्रा ने बताया कि लगातार समझाइश के बावजूद प्रदर्शनकारी उग्र होते जा रहे थे, जिसके चलते एहतियातन गिरफ्तारी की गई। वहीं, एनएसयूआई ने चेतावनी दी है कि छात्रों के हितों को लेकर उनका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *