द पब्लिकेट, इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के लिए यह गर्व और गौरव का क्षण है। भारत की एकमात्र प्रशिक्षित महिला शहनाई वादक पलक इस वर्ष नई दिल्ली में गणतंत्र दिवस परेड के दौरान ऐतिहासिक प्रस्तुति का नेतृत्व करने जा रही हैं। पलक कर्तव्य पथ (पूर्व राजपथ) पर होने वाली हेराल्डिंग टीम की अगुवाई करेंगी और देशभर से चयनित 200 से अधिक वादकों का संचालन करेंगी।
यह विशेष शहनाई प्रस्तुति राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित की जा रही है। माननीय राष्ट्रपति के आगमन के तुरंत बाद यह ऐतिहासिक संगीत प्रस्तुति देश और दुनिया के सामने होगी।
पलक को यह मुकाम उनके गुरु प्रसिद्ध शहनाई वादक श्री लोकेश आनंद के मार्गदर्शन और वर्षों की कठोर साधना से मिला है। वे न सिर्फ एक उत्कृष्ट शहनाई वादक हैं, बल्कि प्रशिक्षित गायिका भी हैं। वर्तमान में पलक शंकर महादेवन अकादमी में प्रोफेसर के रूप में कार्यरत हैं और देश-विदेश के विद्यार्थियों को संगीत की शिक्षा दे रही हैं।
पलक की यह उपलब्धि भारतीय शास्त्रीय संगीत में नारी सशक्तिकरण, समर्पण और उत्कृष्टता का सशक्त प्रतीक है। इंदौर ही नहीं, पूरा मध्य प्रदेश इस बेटी की उपलब्धि पर गौरवान्वित है।


