द पब्लिकेट, मिर्जापुर/ इंदौर। काशी विश्वनाथ मंदिर से दर्शन कर इंदौर लौट रहे युवकों की कार सोमवार सुबह भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। देहात कोतवाली क्षेत्र के समोगरा बाईपास के पास अचानक सड़क पर मवेशी आ जाने से कार अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से जा टकराई। दर्दनाक हादसे में कार चला रहे एमबीबीएस छात्र वरद शर्मा (22) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार चार अन्य युवक घायल हो गए। घायलों में उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर के पुजारी का बेटा वेदांत जोशी गंभीर रूप से घायल है।

हादसा सोमवार सुबह करीब सात बजे हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलते ही देहात कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और कटर की मदद से वाहन काटकर सभी को बाहर निकाला। मृतक और घायलों को तत्काल मंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया।

घायलों में सौरभ सचान (29) निवासी बिजली नगर इंदौर, वेदांत जोशी (16) पुत्र दीपक जोशी निवासी उज्जैन, अभिषेक यादव (22) निवासी जिला शहडोल और अमित यादव (21) शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल वेदांत जोशी को प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी के एक निजी अस्पताल रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, सभी युवक 27 दिसंबर को मध्य प्रदेश से कार द्वारा अयोध्या दर्शन के लिए निकले थे। अयोध्या दर्शन के बाद वे काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे और वाराणसी में भ्रमण किया। सोमवार सुबह छह बजे पुनः काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करने के बाद सभी इंदौर के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान समोगरा बाईपास के पास अचानक मवेशी सामने आ जाने से हादसा हो गया।

मृतक वरद शर्मा इंदौर का निवासी था और दो भाइयों में बड़ा था। वह एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन तत्काल मिर्जापुर के लिए रवाना हो गए।

देहात कोतवाल अमित मिश्रा ने बताया कि घायल अभिषेक यादव की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण सड़क पर अचानक पशु आना सामने आया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *