द पब्लिकेट, इंदौर। शहर में शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर ठगी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। तुकोगंज थाना पुलिस ने “इन्फिनिक्स इन्फोटेक” कंपनी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है। पुलिस ने बास्केटबॉल कॉम्प्लेक्स के सामने संचालित कंपनी के ऑफिस पर छापा मारकर बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दस्तावेज जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान 23 CPU, 14 लैपटॉप, 4 DVR, मॉनिटर, मोबाइल फोन, सिम कार्ड और चेकबुक सहित अन्य दस्तावेज बरामद किए गए, जिनकी कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है। मामले में कंपनी संचालक मनीष पांडे समेत अनिमेष चौहान, संदीप त्यागी, अनुराग सैंडलानी और नेहा जैन को आरोपी बनाया गया है।

मामले का खुलासा देपालपुर निवासी नितीश भगत की शिकायत पर हुआ। उन्होंने बताया कि नवंबर 2024 में उन्हें कॉल कर शेयर मार्केट में निवेश पर भारी मुनाफे का लालच दिया गया। शुरुआत में डेमो प्रॉफिट दिखाकर भरोसा जीता गया और बाद में अलग-अलग बहानों से करीब 4.80 लाख रुपए जमा करा लिए गए।

इससे पहले बिहार के बेगूसराय निवासी अंगेश कुमार ने भी इसी कंपनी के खिलाफ शिकायत की थी। उनका आरोप है कि उनसे करीब 17.66 लाख रुपए की ठगी की गई। आरोपियों ने एल्गोरिथम आधारित ऑटो ट्रेडिंग के नाम पर एक साल में 1 करोड़ रुपए रिटर्न का झांसा दिया था। शिकायत के बावजूद पहले कार्रवाई नहीं हो सकी थी और उन पर समझौते का दबाव भी बनाया गया।

दूसरी शिकायत सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और FIR दर्ज कर छापामार कार्रवाई की। पुलिस को आशंका है कि इस गिरोह ने कई अन्य लोगों को भी शिकार बनाया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *