द पब्लिकेट, इंदौर। शहर के लसूडिया थाना क्षेत्र में करीब 300 करोड़ रुपए की जमीन को लेकर विवाद सामने आया है। मुंबई की एक टीवी अभिनेत्री की शिकायत पर पुलिस ने शराब ठेकेदार सूरज रजक के खिलाफ जबरन कब्जे की कोशिश का मामला दर्ज किया है। एफआईआर 3 अप्रैल की देर रात दर्ज की गई। वहीं, सूरज रजक ने इस मामले में पहले ही लसूड़िया थाने में शासकीय जमीन पर हो रहे अवैध अतिक्रमण की शिकायत कर चुके थे। 

जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता रेमन कक्कर ने आरोप लगाया कि उनकी पारिवारिक जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया गया। प्रारंभिक स्तर पर कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने अनुराग जैन (मुख्य सचिव) से शिकायत की, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया।

विवाद निपानिया क्षेत्र स्थित सर्वे नंबर 414 की करीब 2 हेक्टेयर जमीन को लेकर है, जिसकी कीमत लगभग 300 करोड़ रुपए बताई जा रही है। शिकायत के मुताबिक यह जमीन अभिनेत्री की मां नरेंद्र कौर सलूजा, भाई पुष्पेंद्र सलूजा और रणधीर सलूजा के संयुक्त स्वामित्व में है।

आरोप है कि सूरज रजक ने पहले अभिनेत्री के पति ऋषि कक्कर से करीब 6000 वर्गफीट जमीन शराब दुकान के लिए किराए पर मांगी थी। परिवार द्वारा इनकार करने के बाद भी संपर्क जारी रखा गया। शिकायत में कहा गया है कि 3 अप्रैल को जब परिवार जमीन पर पहुंचा, तो वहां कुछ लोग कब्जा करने की कोशिश करते मिले, जिस पर पुलिस को बुलाया गया।

वहीं, सूरज रजक ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि संबंधित जमीन सरकारी है और वे वहां शराब दुकान के लिए प्रक्रिया के तहत आवेदन कर चुके हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *