द पब्लिकेट, इंदौर। न्यू ईयर से पहले शहर में चोरी-छुपे चल रही हाईप्रोफाइल शराब पार्टियों पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में शुक्रवार देर रात भँवरकुआँ क्षेत्र के पालदा स्थित टुलुम रिसोर्ट में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शराबियों की आफ्टर पार्टी पर अचानक दबिश दी। पुलिस को मौके पर सैकड़ों युवक-युवतियां मिले, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, रसूखदारों द्वारा न्यू ईयर सेलिब्रेशन से पहले निजी तौर पर इस पार्टी का आयोजन किया गया था। बताया जा रहा है कि पार्टी में करीब 83 लोगों को इन्वाइट किया गया था, लेकिन सभी मेहमानों के पहुंचने से पहले ही पुलिस ने रिसोर्ट पर दबिश दे दी।

अफसरों की अगुवाई में कार्रवाई

दबिश के दौरान मौके पर एसीपी पराग सैनी, खजराना एसीपी कुंदन मंडलोई, चंदन नगर टीआई सहित भँवरकुआँ थाने का पूरा पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस टीम ने रिसोर्ट परिसर की घेराबंदी कर जांच शुरू की और पार्टी में शामिल लोगों से पूछताछ की।

पुलिस को देखते ही भागा आयोजक

पुलिस सूत्रों के अनुसार, जैसे ही पार्टी ऑर्गेनाइजर को कार्रवाई की भनक लगी, वह मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है और आयोजन से जुड़े दस्तावेजों व अनुमति को लेकर भी जांच की जा रही है।

फिलहाल पुलिस सभी तथ्यों की जांच कर रही है और पार्टी में शामिल लोगों की भूमिका के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *