द पब्लिकेट, इंदौर। खजराना मंदिर के गर्भग्रह में जबरन घुसने के मामले में खजराना पुलिस ने आरोपी आकाश रावत को पकड़ लिया था। जांच के बाद गैंगस्टर सतीश भाऊ और उसकी पत्नी को भी आरोपी बना लिया है।
पुलिस के अनुसार मंदिर प्रबंधक घनश्याम शुक्ला ने रविवार को खजराना थाने में सूचना दी कि 11 फरवरी की शाम लगभग 7:40 बजे आकाश पिता मुन्नालाल रावत (39) निवासी गणनायक नगर, खजराना नामक व्यक्ति ने दबाव बनाकर एक पुरुष और महिला को मंदिर के गर्भगृह में अनधिकृत रूप से प्रवेश कराया। बताया गया कि आकाश रावत अक्सर मंदिर आता-जाता था, जिससे सुरक्षाकर्मी उसे पहचानते थे।
शिकायत के आधार पर थाना खजराना में अपराध क्रमांक 127/26 धारा 223(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, मंदिर प्रबंधन के बयान और आरोपी आकाश रावत के मेमोरेंडम के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि गर्भगृह में प्रवेश करने वाले व्यक्ति सतीश उर्फ भाऊ पंवार (51) निवासी चिकित्सक नगर और उनकी पत्नी नीलम पंवार थे। इसके बाद दोनों को भी प्रकरण में शामिल कर वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ की गई।


