द पब्लिकेट, मध्य प्रदेश। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक बार फिर सादगी, समानता और सामाजिक समरसता का अद्भुत संदेश दिया है। उनके सुपुत्र डॉ. अभिमन्यु यादव (सर्जन) आगामी 30 नवंबर 2025 को उज्जैन में आयोजित होने वाले सामूहिक विवाह सम्मेलन में अपने विवाह की रस्में संपन्न करेंगे। इस सम्मेलन में कुल 21 जोड़े एक साथ परिणय सूत्र में बंधेंगे।
सबसे खास बात यह है कि सभी 21 दूल्हे एक साथ भव्य बारात लेकर विवाह स्थल पर पहुंचेंगे, जिनमें मुख्यमंत्री के पुत्र डॉ. अभिमन्यु यादव भी शामिल रहेंगे। वधु डॉ. इशिता यादव (MBBS), जिला खरगोन के ग्राम सेलदा, तहसील बिकानगांव निवासी हैं। वह किसान दिनेश यादव और सीमा यादव की सुपुत्री हैं।
जनता में प्रशंसा, सादगी का मिसाल
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के इस निर्णय की पूरे प्रदेश में जमकर सराहना की जा रही है। फिजूलखर्ची और दिखावे के इस दौर में उनका यह कदम समाज को सादगी, सामाजिक समानता और परंपरागत मूल्यों से जोड़ने वाला माना जा रहा है।
डॉ. अभिमन्यु यादव की सादगी का एक और उदाहरण यह भी है कि वे भोपाल में पढ़ाई के दौरान मुख्यमंत्री निवास में रहने के बजाय कॉलेज हॉस्टल में ही रहे। इससे उनकी स्वावलंबन और सरल जीवनशैली की भावना झलकती है।

सभी वर्गों का सम्मेलन, बिना किसी भेदभाव
इस सामूहिक विवाह सम्मेलन की विशेषता है कि इसमें हर वर्ग, हर जाति और हर समाज के जोड़े शामिल होंगे। न कोई ऊंच-नीच, न कोई भेदभाव—सिर्फ समानता, सौहार्द और सादगी का संदेश।
पूरे मध्यप्रदेश में इस निर्णय को लेकर गर्व और सम्मान की भावना झलक रही है। लोग सोशल मीडिया से लेकर जन-चर्चाओं तक मुख्यमंत्री के इस निर्णय को समाज में सकारात्मक बदलाव की मिसाल बता रहे हैं।
मध्य प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा प्रस्तुत यह अनोखा उदाहरण सामाजिक समरसता की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।


