द पब्लिकेट, इंदौर। शहर में जहां एक ओर 51 लाख पौधे लगाने की मुहिम चल रही है, वहीं दूसरी ओर पेड़ों की अवैध कटाई ने स्थानीय लोगों में आक्रोश पैदा कर दिया है। मल्हार आश्रम में 40 से 80 वर्ष के सौ से अधिक पेड़ काट दिए गए हैं, जिसके विरोध में रविवार सुबह रहवासियों ने प्रदर्शन किया। दुखी मन राष्ट्रगान गाकर शासन का ध्यान इस ओर खींचने का प्रयास किया है।

प्रदर्शन में वाइल्ड लाइफ एनजीओ, वन प्रेमी संगठन और अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत समेत विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। पहले मानव शृंखला बनाकर पेड़ों की कटाई के प्रति नाराज़गी जताई और फिर कटे पेड़ों के बीच प्रोप्स द्वारा प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है ये 100 से अधिक पेड़ सीएम राइज, गवर्नमेंट मल्हार आश्रम स्कूल और एक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के निर्माण के लिए काटे जा रहे हैं। वहीं, स्कूल प्रशासन का दावा है कि 34 पेड़ों को काटने की अनुमति ली गई थी और उसी के अनुसार पेड़ काटे गए हैं। प्रदर्शनकारियों के अनुसार, कई पेड़ पहले ही काटे जा चुके हैं और अब वे पेड़ काटे जा रहे हैं जिन्हें वहां रहने वालो ने एनजीओ के साथ मिलकर लगाया था।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि ये पेड़ यहां की पहचान हैं और वे सभी बचे हुए पेड़ों को बचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उनका कहना है कि प्रशासन को विकास कार्यों के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का भी ध्यान रखना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 DJ Digital Venture